


प्रेम संबंध में विवाद के बाद युवक पर एसिड अटैक, युवती पर गंभीर आरोप; अस्पताल से छुट्टी मिलते ही थाने पहुंचा पीड़ित
चांपा। नगर के चांपा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के बीच विवाद के बाद युवक पर एसिड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार साल से प्रेम संबंध में रह रही युवती ने गुस्से में आकर युवक के ऊपर कांच की बोतल में रखा एसिड फेंक दिया। घटना में युवक के हाथ और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है और एसिड से हमला किए जाने की पुष्टि भी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 04 सोनारिन घाट, चांपा निवासी संतोष सोनी सोने के जेवर बनाने का कारीगरी कार्य करता है। पीड़ित के मुताबिक, पिछले करीब चार वर्षों से उसका समाज की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे वह अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा।
पीड़ित ने पुलिस को दिए गए बयान में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उसकी प्रेमिका गुस्से में आ गई और घर में रखी कांच की बोतल से उसके ऊपर एसिड फेंक दिया। एसिड गिरने से उसके दाहिने हाथ की भुजा, कलाई और दाहिनी पसली का हिस्सा झुलस गया। वहीं, उसने जो काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, उसका दाहिना हिस्सा भी जल गया।
घटना के कुछ देर बाद पीड़ित ने विनोद सोनी और अपनी बहन अंजली सोनी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
पीड़ित के अनुसार, 30 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह चांपा थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में पुलिस द्वारा अपराध दर्ज कर लिया गया है। एसिड से हमला किए जाने की पुष्टि भी हुई है। घटना के पीछे प्रेम संबंधों में विवाद को वजह बताया जा रहा है। अब पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अब तक लड़कियां होती थीं एसिड अटैक का शिकार, चांपा की घटना ने चौंकाया
आमतौर पर एसिड अटैक की घटनाओं में पुरुषों द्वारा महिलाओं को निशाना बनाए जाने के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन चांपा में कथित प्रेमिका द्वारा युवक पर एसिड फेंके जाने की घटना ने सभी को चौंका दिया है। यह मामला प्रेम संबंधों में विवाद के हिंसक रूप लेने की गंभीर तस्वीर पेश करता है। अब पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




