त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा, कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस

त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा, कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस

बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए शिक्षा अधिकारियों ने दिए निर्देश, विद्यालयों के नियमित निरीक्षण पर भी जोर

चांपा। शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा और आगामी शैक्षणिक कार्ययोजना को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बम्हनीडीह विकासखंड के प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों की समीक्षा बैठक लायंस स्कूल, चांपा में आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एम.पी. सिंह, जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) रामेश्वर जायसवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी तथा पूर्व बीईओ एवं वरिष्ठ प्राचार्य एस.आर. कुर्रे उपस्थित रहे।

विद्यालयवार और विषयवार परिणामों की समीक्षा

बैठक में त्रैमासिक परीक्षा के संचालन, मूल्यांकन प्रक्रिया, परीक्षा परिणामों एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एम.पी. सिंह और डीएमसी रामेश्वर जायसवाल ने कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं के परीक्षा परिणामों का विद्यालयवार और विषयवार विश्लेषण किया। इस दौरान विद्यार्थियों की कुल दर्ज संख्या, परीक्षा में शामिल एवं अनुपस्थित विद्यार्थियों तथा विभिन्न अंक श्रेणियों में आने वाले विद्यार्थियों की स्थिति की समीक्षा की गई।

विद्यार्थियों को 60 प्रतिशत से अधिक, 45 से 59 प्रतिशत, 33 से 44 प्रतिशत और 33 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाली श्रेणियों में विभाजित कर परिणामों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए होगी विशेष व्यवस्था

जिला शिक्षा अधिकारी एम.पी. सिंह एवं डीएमसी रामेश्वर जायसवाल ने निर्देश दिए कि कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चिन्हांकित कर उनके लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग और उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था की जाए। विषय शिक्षक विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कठिनाइयों को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करें। विद्यार्थियों की नियमित प्रगति पर ध्यान देते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश

बैठक में संकुल प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों को अपने अधीनस्थ विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और परीक्षा परिणामों में सुधार की स्थिति की सतत निगरानी करने पर जोर दिया गया। साथ ही विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाकर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही गई।

बेहतर परिणाम लाने का दिया भरोसा

बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी एवं पूर्व बीईओ तथा वरिष्ठ प्राचार्य एस.आर. कुर्रे ने बम्हनीडीह विकासखंड के सभी प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों की ओर से आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने का भरोसा दिलाया।

समीक्षा बैठक में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button