




पोस्ट ऑफिस एजेंट दीपक देवांगन की ठगी पर पुलिस एक्शन मोड में, थाना चांपा में अपराध दर्ज
चांपा। पोस्ट ऑफिस के एक एजेंट दीपक देवांगन द्वारा की गई करोड़ों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आने के बाद पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। आज थाना चांपा में ठगी के शिकार लोगों द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी दीपक देवांगन के विरुद्ध ठगी का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवेदन सौंपे जाने के बाद से ही पुलिस ने प्रारंभिक जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज थाना चांपा में ठगी के शिकार लोगों से उनके बैंक खातों का विवरण और पासबुक जमा कराए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि ठगी की वास्तविक राशि और पीड़ितों की संख्या का सही आंकलन किया जा सके। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
चांपा एसडीओपी यदुमणि सीदार ने बताया कि आरोपी दीपक देवांगन के विरुद्ध थाना चंपा में अपराध दर्ज कर ली गई है और ठगी हुई शिकार व्यक्तियों का दस्तावेज प्राप्त कर बयान दर्ज किया जा रहे और आरोपी की पता तलाश की जा रही है जल्द ही आगे वैधानिक कार्यवाही की जाएगी
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और बड़ी संख्या में पीड़ित लोग न्याय की उम्मीद लेकर थाना चांपा पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।





