चांपा थाना में शांति समिति की बैठक सम्पन्न

चांपा थाना में शांति समिति की बैठक सम्पन्न

चांपा। थाना चांपा परिसर में गुरुवार शाम 5 बजे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि संयंत्रों पर प्रतिबंध संबंधी जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना था।

बैठक में बताया गया कि जिला कलेक्टर द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की अनुमति के पश्चात ही ध्वनि संयंत्रों का उपयोग किया जाएगा तथा उन्हें निर्धारित समय पर बंद करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में सभी से सहयोग की अपील की गई।

बैठक का दूसरा प्रमुख मुद्दा आगामी होली त्यौहार को लेकर रहा, जिस पर विस्तृत चर्चा की गई। नवपदस्थ एसडीओपी सुश्री योगिताबाली खापर्डे ने सभी से होली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए त्यौहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचें।

एसडीओपी ने नगर की गतिविधियों एवं संभावित समस्याओं को लेकर उपस्थित प्रबुद्धजनों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि त्यौहार के दौरान नगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था सुधारने एवं सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में एएसआई लकड़ा सहित थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधि, आसपास के ग्रामों के सरपंच, नगर के नागरिक, व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता-कार्यकर्ता एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। बैठक में नागरिकों द्वारा दिए गए सुझावों और समस्याओं को नोट कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button