

शराब दुकान खोलने के विरोध में धरना, समर्थन देने पहुंचे अर्जुन राठौर व संतोषी रात्रे
सक्ती। मालखरौदा जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम बड़े रेबेली में प्रस्तावित शराब दुकान खोले जाने के विरोध में ग्राम की महिलाओं द्वारा पिछले छह दिनों से धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन द्वारा गांव में शराब भट्ठी खोले जाने की तैयारी की जा रही है, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे हैं।
धरना स्थल पर समर्थन देने के लिए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के जिला अध्यक्ष अर्जुन राठौर तथा जोगी कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष संतोषी रात्रे ग्राम बड़े रेबेली पहुंचे।
संतोषी रात्रे ने कहा कि शराब भट्ठी खुलने से गांव के बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी प्रभावित होंगे तथा परिवारों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं पहले से ही सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही हैं, ऐसे में गांव में शराब दुकान खुलना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शराब दुकान बंद नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

वहीं अर्जुन राठौर ने कहा कि ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया गया है और स्वयं सरपंच द्वारा भी दुकान न खोलने का निवेदन किया गया है। उन्होंने शराब को सामाजिक बुराई बताते हुए इसका विरोध किया। राठौर ने राज्य की पूर्व और वर्तमान सरकारों पर भी शराब नीति को लेकर सवाल उठाए और कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन में क्षेत्र के पत्रकार भूपेंद्र लहरे, सूरज खूंटे, ओम चंद्रा, संतोष चंद्रा, पूर्व सरपंच गुरुचरण, सामाजिक कार्यकर्ता घनाराम साहू सहित ग्राम की महिलाएं बिंदिया चंद्रा, अनीता देवी, शांति चंद्रा, दुर्गा बरेठ तथा सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक शराब दुकान खोलने का निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।




