
जांजगीर चांपा जिले से बड़ी खबर ……





इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो बना सबूत, गोह के शिकार मामले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने गोह (बंगाल मॉनिटर) के शिकार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में कुछ युवक संरक्षित वन्यप्राणी गोह (Bengal Monitor) को पकड़कर उसके साथ क्रूरता करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेकर विभाग ने जांच शुरू की, जिसके बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश पटेल (22 वर्ष, भदरा), हरिराम गोड़ (25 वर्ष, सबरिया डेरा, गोविंदा), शिवा उर्फ शिवाराम गोड़ (25 वर्ष, सबरिया डेरा, गोविंदा), चमन गोड़ (23 वर्ष, सबरिया डेरा, गोविंदा) तथा विनोद केंवट (33 वर्ष, भदरा) शामिल हैं।
वन विभाग ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा, सब्बल एवं एक मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में वन अपराध क्रमांक 607/12 दर्ज कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 51 एवं धारा 2(15), 2(16)(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
वन विभाग ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों के शिकार और उनसे क्रूरता करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







