








विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, जनप्रतिनिधि और पालकगण रहे उपस्थित
चांपा। सेवा, समर्पण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरपाली, चांपा में सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को योजनाओं के उद्देश्यों और लाभों से अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रारंभ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मातृ वंदना योजना, सरस्वती साइकिल योजना, लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुति के जरिए योजनाओं के महत्व और आम नागरिकों के जीवन में उनकी उपयोगिता को रोचक अंदाज में सामने रखा गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विद्यालय के पालकगण भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर पालिका चांपा के अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, पूर्व युवा आयोग अध्यक्ष कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, पूर्व उर्दू अकादमी अध्यक्ष सलीम मेमन, प्रदीप सराफ, अनंत थवाईत, राम खूबवानी, विद्या भूषण गोपाल, गणेश श्रीवास, प्रताप सराफ, अमरजीत सिंह खटकर, संगीता पांडे, गिरीश मोदी, आशुतोष सोनी, छत राम देवांगन एवं हीरेंद्र बेहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य विनोद शर्मा, संत कुमार जोशी, सोहन साहू, कौशलेश क्षत्री, अनुराधा राठौर, गौरी भूमे, अन्नू सराफ, अंजू पटेल, प्रमिला कंवर एवं सुनीता साहू सहित मिडिल और प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता और प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से जनसामान्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।




