जांजगीर-चांपा: सचिव संघ ने मारपीट के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

जांजगीर-चांपा: सचिव संघ ने मारपीट के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

जांजगीर-चांपा। ग्राम पंचायत सचिव संघ ब्लॉक बलौदा ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत सचिव के साथ मारपीट करने वाले आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला जनपद पंचायत बलौदा क्षेत्र का है, जहां ग्राम पंचायत सचिव सुशील कुमार आर्य के साथ गाली-गलौज और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना उस समय हुई जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को नोटिस देने की प्रक्रिया चल रही थी।

सचिव संघ के अनुसार, संबंधित हितग्राही द्वारा न केवल नोटिस लेने से इनकार किया गया, बल्कि सचिव के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की गई। इस घटना के बाद पीड़ित सचिव द्वारा थाना बलौदा में FIR दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से सचिवों में आक्रोश है।

संघ ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि वर्तमान में पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में हितग्राही अपूर्ण कार्यों के कारण नोटिस के दायरे में हैं। ऐसे में यदि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तो अन्य स्थानों पर भी ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे शासकीय कार्य प्रभावित होंगे।

सचिव संघ ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्मचारियों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और शासकीय कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो सचिव संघ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button