



सेना और पुलिस भर्ती पर बड़ा अवसर: 2,000 राज्य व 40,000 केंद्रीय पदों की संभावना, युवाओं को मिला मार्गदर्शन
चांपा/कोरबा, 23 अप्रैल 2026।
संकल्प और सेन संगवारी के संयुक्त तत्वावधान में 22 अप्रैल को शाम 7 बजे कैरियर काउंसलिंग के द्वितीय सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी ओमप्रकाश सेन एवं सेवानिवृत्त जूनियर कमांडिंग ऑफिसर संतोष कुमार वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रीतपाल सिंह सेन द्वारा अतिथियों के स्वागत व परिचय से हुई। इसके बाद सेन संगवारी के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद सेन ने संस्था के उद्देश्य बताते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में जागरूकता लाकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को सही दिशा देना ही इस पहल का मकसद है।
डीएसपी ओमप्रकाश सेन ने युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में करीब 2,000 और केंद्र स्तर पर लगभग 40,000 पदों पर भर्ती की संभावना है, जो युवाओं के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सेना में चयन के लिए फिजिकल फिटनेस बेहद जरूरी है, इसलिए तैयारी के दौरान ही कठिन लक्ष्य तय कर नियमित अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक योग्यता का परीक्षण किया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल, जीडी, ड्राइवर और ट्रेड्समैन जैसे पदों से शुरुआत होती है, जबकि भारतीय सेना, नेवी और एयरफोर्स में 10वीं, 12वीं और स्नातक के बाद विभिन्न अवसर उपलब्ध हैं। अग्निवीर योजना के तहत भी युवाओं के लिए नए रास्ते खुले हैं। साथ ही सभी दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि आदि एक समान रखने की सलाह दी।
सेवानिवृत्त अधिकारी संतोष कुमार वर्मा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पदों की संख्या मायने नहीं रखती, बल्कि यह सोच जरूरी है कि “एक पोस्ट आपकी है” और उसी लक्ष्य पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिजिकल तैयारी मजबूत होनी चाहिए और एनसीसी, स्काउट्स जैसी गतिविधियों से जुड़ने पर अतिरिक्त अंक का लाभ मिलता है।
उन्होंने नियमित रूप से चिन-अप्स, शॉटपुट, क्रंचेस और दौड़ का अभ्यास करने, नशे और गलत आदतों से दूर रहने, तथा आंख, कान, नाक और दांत का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। साथ ही स्पष्ट विजन, बिना गंभीर चोट और अनुशासित दिनचर्या को चयन के लिए जरूरी बताया।
कार्यक्रम में बलौदाबाजार से किरण सेन ने मानसिक शांति और फिजिकल तैयारी से जुड़ा सवाल पूछा, जिस पर विशेषज्ञों ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और चरणबद्ध तैयारी से ही मानसिक संतुलन बना रहता है। यूपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सही मार्गदर्शन और उपयुक्त अध्ययन सामग्री चुनने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान राजनांदगांव से व्याख्याता बलराम श्रीवास और खैरागढ़ से प्रधान पाठक तुलेश्वर सेन ने भी अपने विचार रखे। अंत में संकल्प के प्रदेश संयोजक लोकनाथ सेन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले अगले कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी को आमंत्रित किया।
मुख्य संदेश:
लक्ष्य तय करें, चरणबद्ध तैयारी करें और पूरे जुनून के साथ मेहनत करें—सफलता निश्चित है।




