



बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव: दोपहर 3 बजे तक 86.92% मतदान, महिलाओं ने दिखाई अधिक सक्रियता
जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव में मतदाताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दोपहर 3 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 4390 मतदाताओं में से 3816 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 86.92% दर्ज किया गया।
मतदान में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की अपेक्षा अधिक रही। कुल 2154 महिला मतदाताओं में से 1937 महिलाओं ने मतदान किया, जो 89.93 प्रतिशत है। वहीं 2236 पुरुष मतदाताओं में से 1879 पुरुषों ने मतदान किया, जिससे पुरुष मतदान प्रतिशत 84.03 प्रतिशत रहा।
वार्डवार आंकड़ों पर नजर डालें तो वार्ड क्रमांक 12 में सर्वाधिक 97.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 8 में 92.09 प्रतिशत तथा वार्ड क्रमांक 10 में 91.59 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं वार्ड क्रमांक 5 में सबसे कम 70.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई थी।
चुनाव अधिकारी पवन कोसमा द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार दोपहर 3 बजे तक नगर पंचायत बम्हनीडीह में कुल 86.92 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान को लेकर मतदाताओं में विशेष उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई।
अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं, जहां नगर पंचायत की नई सरकार का फैसला मतपेटियों में कैद हो चुका है।



