मारवाड़ी युवा मंच एवं जागृति शाखा के संयुक्त तत्वावधान में साइक्लोथॉन का आयोजन


मारवाड़ी युवा मंच एवं जागृति शाखा के संयुक्त तत्वावधान में साइक्लोथॉन का आयोजन
जांजगीर-चांपा। मारवाड़ी युवा मंच एवं जागृति शाखा जांजगीर-नैला के संयुक्त तत्वावधान में जनसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए साइक्लोथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा प्रतिस्पर्धात्मक सोच को बढ़ावा देना था।
मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया के मार्गदर्शन तथा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केड़िया के निर्देशन में मंच द्वारा प्रदेशभर में विभिन्न जनहितकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में जांजगीर-नैला स्थित अग्रसेन भवन में साइक्लोथॉन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छोटे-छोटे बच्चों के लिए साइकिल रेस का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के उपरांत विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही सभी बच्चों के लिए चॉकलेट, फ्रूटी एवं नाश्ते की व्यवस्था भी की गई थी।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ जागृति शाखा की अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल, सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदी, प्रांतीय निर्देशिका श्रीमती सुनीता मोदी, श्रीमती शिखा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
जागृति शाखा की अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने कहा कि संस्था द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों में उन्हें अपनी टीम का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिसके लिए वह सभी सदस्यों की हृदय से आभारी हैं। उन्होंने भविष्य में भी समाजहित एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी रखने की बात कही।






