महुदा में अवैध कोयला भट्ठों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 भट्ठे ध्वस्त

गाड़ियों में पहुंची वन विभाग की टीम
मौके पर कार्यवाही करते हुए वन विभाग के अधिकारी
मौके पर भट्टी में मिली जाली हुई लकड़ियों

महुदा में अवैध कोयला भट्ठों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 30 भट्ठे ध्वस्त

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध कारोबारों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग समय-समय पर अभियान चलाते हैं। इसी कड़ी में चांपा नगर से लगे ग्राम महुदा में संचालित किए जा रहे कथित अवैध चारकोल (कोयला) भट्ठों पर वन विभाग ने छापामार कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महुदा में नदी किनारे एक निजी भूमि पर बड़ी संख्या में चारकोल भट्ठों का निर्माण कर कोयला उत्पादन किया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर कार्रवाई शुरू की गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चारकोल भट्ठा संचालन के लिए विभिन्न विभागों की आवश्यक अनुमति एवं वैधानिक दस्तावेज जरूरी होते हैं। मौके पर जांच के दौरान किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति की उपस्थिति नहीं मिली और न ही संबंधित स्वीकृतियां या दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।

कार्रवाई के दौरान वन अमले ने मौके पर निर्मित लगभग 30 भट्ठों को ध्वस्त किया। इसके साथ ही वहां मौजूद लकड़ियां तथा लकड़ी जलाकर तैयार किया गया कोयला भी जब्त किया गया। विभाग द्वारा स्थल को सील करने की प्रक्रिया भी अपनाई गई।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि भट्ठा संचालक द्वारा भूमि संबंधी दस्तावेज पंचायत के समक्ष प्रस्तुत किए गए थे, जबकि अन्य आवश्यक अनुमतियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है और वन विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार व्यक्तियों पर क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button