आज के युवाओं के भविष्य से भाजपा कर रही खिलवाड़ – राजेश अग्रवाल

आज के युवाओं के भविष्य से भाजपा कर रही खिलवाड़ – राजेश अग्रवाल
जांजगीर-चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से देश के लाखों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
राजेश अग्रवाल ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं और यदि उनकी शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगेंगे तो देश का विकास भी प्रभावित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा व्यवस्था को संभालने में विफल साबित हुई है और कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी। उनका कहना था कि देशभर में छात्र-छात्राएं परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर विषय पर मौन बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
पत्रकार वार्ता में चांपा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साधवानी ने भी भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए।
वहीं कांग्रेस पार्षद अंजलि देवांगन ने कहा कि वह एक जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ एक मां भी हैं और उनके बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाओं से विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है और उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।







