जांजगीर-चांपा को 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की मिली सौगात, भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने किया निरीक्षण



जांजगीर-चांपा को 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज की मिली सौगात, भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने किया निरीक्षण

जांजगीर। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) द्वारा छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज को अनुमति दिए जाने पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम कुटरा स्थित मेडिकल कॉलेज भवन का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े ने समस्त जिलेवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि जांजगीर-चांपा जिले के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होने से जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही जिले के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे क्षेत्र के स्वास्थ्य एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितैषी सोच और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। श्री जांगड़े ने इसके लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा जी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी जी के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के समन्वित प्रयासों से जांजगीर-चांपा जिले का लंबे समय से प्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का सपना साकार हुआ है। इससे जिले के नागरिकों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा गंभीर उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।

इस अवसर पर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह (जिला कोषाध्यक्ष), राकेश रूपवानी (जिला मीडिया प्रभारी), रितेश राठौर (एल्डरमैन), पुष्पेंद्र निर्मलकर, विक्की सिंह, उमेश राठौर, सोनू यादव (जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा), प्रदीप राठौर एवं राजू कश्यप सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button