

चांपा पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, हसदेव नदी किनारे गांजा पीते 6 युवक पकड़े
चांपा। नगर में बढ़ते नशे के खिलाफ चांपा पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने हसदेव नदी के किनारे बैठकर गांजा का सेवन कर रहे करीब छह युवकों को पकड़कर थाने लाया। पुलिस की कार्रवाई से नशे का सेवन करने वालों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हसदेव नदी के किनारे बैठकर गांजा का नशा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब छह युवकों को पकड़कर थाने लाया गया। इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना देकर थाना बुलाया।
परिजनों के थाना पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें उनके बच्चों के नशे के सेवन के संबंध में जानकारी दी और बच्चों को नशे से दूर रखते हुए सही रास्ते पर लाने की समझाइश दी। पुलिस ने परिजनों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने में सहयोग करने की अपील की।
वहीं, पुलिस द्वारा पकड़े गए युवकों के खिलाफ नशे के सेवन से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को नगर में बढ़ते नशे के खिलाफ एक सख्त कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।




