



चांपा थाना अभिरक्षा में आरोपी की हालत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने किया थाना घेराव
पुलिस पर मारपीट का आरोप, दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने और मुआवजे की मांग
चांपा। चांपा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां महुआ शराब के मामले में गिरफ्तार किए गए मेहंदीपारा निवासी शिव साहिस उर्फ गुल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों और मोहल्लेवासियों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोगों ने चांपा थाना पहुंचकर घेराव कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बीते दिन शिव साहिस को महुआ शराब से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद रात में उसकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि सुबह तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अभिरक्षा में मारपीट का आरोप
शिव साहिस की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजन और मोहल्लेवासी आक्रोशित हो गए। परिजनों का आरोप है कि शिव की मौत पुलिस अभिरक्षा में हुई है और गिरफ्तारी के दौरान उसके साथ मारपीट की गई थी। इसी आरोप को लेकर लोगों ने चांपा थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों की ओर से मामले में दो पुलिसकर्मियों को नौकरी से हटाने तथा उचित मुआवजा देने की मांग रखे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
माहौल संभालने पहुंचे जनप्रतिनिधि और नागरिक
घटना के बाद थाना परिसर के आसपास तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नगर के जनप्रतिनिधि और प्रबुद्ध नागरिक भी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि कुछ लोग परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों द्वारा परिजनों के साथ खड़े होकर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया जा रहा है।
मामले को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि शिव साहिस की तबीयत गिरफ्तारी के बाद किन परिस्थितियों में बिगड़ी और उसकी मौत का वास्तविक कारण क्या था? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा लगाए जा रहे आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल घटना के बाद चांपा पुलिस के सामने स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की चुनौती बनी हुई है।



