भीम रेजिमेंट ने जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

img 20260520 wa04919161835889563813387 Console Corptech
img 20260520 wa04938336096826335100652 Console Corptech

भीम रेजिमेंट ने जनहित के मुद्दों को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सिटी बस सेवा शुरू करने, खाद में अवैध वसूली रोकने और प्रधानमंत्री आवास योजना में शिकायतों की जांच की मांग

जांजगीर-चांपा। जिले में लंबे समय से लंबित जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भीम रेजिमेंट ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रत्नाकर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर की अनुपस्थिति में डिप्टी कलेक्टर राजेन्द्र कुमार चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में संगठन ने जिले की आम जनता, किसानों और जरूरतमंद हितग्राहियों से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को उठाया। सबसे पहले जिले में सिटी बस सेवा को शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि सिटी बस सेवा बंद या बाधित होने से छात्र-छात्राओं, मजदूरों, कर्मचारियों एवं ग्रामीण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को महंगे निजी वाहनों एवं असुविधाजनक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

दूसरा मुद्दा खाद दुकानदारों द्वारा किसानों से कथित अवैध वसूली का उठाया गया। भीम रेजिमेंट ने आरोप लगाया कि कुछ खाद विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल रहे हैं, जिससे पहले से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। संगठन ने मामले की सख्त जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं तीसरा और गंभीर मामला ग्राम पंचायत पचरी से जुड़ा बताया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुछ हितग्राहियों से अवैध रूप से राशि मांगने की शिकायतें सामने आई हैं। संगठन ने ग्राम पंचायत पचरी की सरपंच श्रीमती मैना दिवाकर के पति नलसाय दिवाकर से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पारदर्शिता एवं गरिमा बनी रहे।

भीम रेजिमेंट के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए, अन्यथा संगठन जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगा।

इस दौरान भीम रेजिमेंट के प्रदेश संरक्षक दिलीप कश्यप, जिला उपाध्यक्ष मनीष कर्ष, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष मणिशंकर अनंत, विजय मनहर, शैलेन्द्र कुमार, महेंद्र कुमार, लखेश्वर, जशवंत, शिवराज साय तोडें, अभय दिवाकर, अमित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button