


बेटियों की उच्च शिक्षा को लेकर चांपा में बड़ी पहल
कन्या महाविद्यालय खोलने नगर पालिका ने बढ़ाए कदम
संभावित स्थलों का किया गया निरीक्षण, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद
चांपा। चांपा नगर की बेटियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े, इसे लेकर नगर पालिका ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। नगर में नवीन कन्या महाविद्यालय की स्थापना को लेकर नगर पालिका परिषद में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में ठाकुर छेदीलाल महाविद्यालय जांजगीर के प्राचार्य डी.बी. लहरे, एम.एम.आर. महाविद्यालय के प्राचार्य एच.पी. खैरवार सहित प्रो. नीलिमा पांडे, मीनाक्षी चंद्रा, डॉ. सुनीता राठौर, डॉ. एल.पी. तिवारी एवं डॉ. एल.पी. मिरी उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, पार्षद एवं अधिकारीगण भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान चांपा में कन्या महाविद्यालय शुरू करने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कॉलेज निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चयन को लेकर भी मंथन हुआ। इस दौरान आत्मानंद स्कूल के पीछे स्थित क्षेत्र, कुरदा हनुमान धारा, चरण नगर सहित अन्य संभावित स्थलों पर विचार किया गया।
बैठक समाप्त होने के बाद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की टीम ने प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चर्चा की गई।
बताया जा रहा है कि चांपा नगर में कन्या महाविद्यालय की मांग लंबे समय से उठती रही है। हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए जांजगीर, बिलासपुर एवं अन्य शहरों में जाना पड़ता है। आर्थिक एवं सामाजिक कारणों से कई छात्राएं आगे की पढ़ाई भी छोड़ देती हैं। ऐसे में नगर में कन्या महाविद्यालय खुलने से हजारों बेटियों को सीधा लाभ मिलेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव इस योजना को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके प्रयासों से अब यह मांग सिर्फ चर्चा तक सीमित नहीं बल्कि प्रक्रिया के स्तर तक पहुंचती दिखाई दे रही है।
यदि शासन स्तर से स्वीकृति मिलती है तो आने वाले समय में चांपा नगर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान बना सकता है।




