




बाबाधाम से लौटने वाले श्रद्धालुओं के सामान की पुलिस ने ली तलाशी, आरपीएफ-जीआरपी भी रही मौजूद
चांपा। क्या आप भी भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए बैद्यनाथ धाम गए हैं और वापसी में शौक के तौर पर तलवार नुमा हथियार या अन्य हथियार अपने साथ ला रहे हैं? तो सावधान हो जाइए। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के परिवहन को रोकने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने एवं कानून व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक युलैंडन यार्क के निर्देश पर चांपा एसडीओपी लोकेश बंसल एवं थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने चांपा रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे की आरपीएफ एवं जीआरपी पुलिस का भी सहयोग मिला।



बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग बाबाधाम जाने के बाद वापसी के दौरान अपने साथ हथियार लेकर आ रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बाबाधाम से लौटने वाली साउथ बिहार ट्रेन के चांपा पहुंचने के समय यात्रियों एवं उनके सामान की सघन जांच की।
एसडीओपी लोकेश बंसल ने बताया कि बाबाधाम से लौटने वाले कुछ लोगों द्वारा अपने साथ हथियार लाए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अवैध हथियार का परिवहन कानूनन गलत है और हथियार पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने कहा कि चांपा नगर के लोग जागरूक नागरिक हैं, लेकिन पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह जांच अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाना आस्था का विषय है, लेकिन दर्शन के बाद अपने साथ हथियारों का परिवहन करना उचित नहीं है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “आप भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए गए हैं, हथियारों के परिवहन के लिए नहीं।” पुलिस का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि किसी व्यक्ति के पास किसी भी प्रकार का अवैध हथियार पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने संकेत दिया है कि इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध हथियारों को नगर में प्रवेश करने से रोका जा सके और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



