
भाजपा की सकारात्मक राजनीति और सुशासन पर जनता की मुहर: रवि पाण्डेय
जांजगीर-चांपा:
देश में हाल ही में सम्पन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता (किसान मोर्चा) इंजीनियर रवि पाण्डेय ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश भाजपा की सकारात्मक राजनीति, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और सुशासन में जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद, विकास और व्यवस्था परिवर्तन की जीत है। पार्टी प्रत्येक राज्य में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेगी। पाण्डेय ने विश्वास जताया कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास यात्रा और पारदर्शी शासन व्यवस्था पर लगातार भरोसा जता रही है। यह जनादेश राष्ट्र की प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।
पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों बाद भाजपा को मिला अभूतपूर्व जनसमर्थन परिवर्तन, सुरक्षा और वास्तविक विकास की जनता की आकांक्षाओं को दर्शाता है, जो भारतीय राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ता है।
असम में भाजपा सरकार की पुनः वापसी को लेकर उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिर शासन के लिए भाजपा ही जनता की पहली पसंद बनी हुई है। वहीं पुदुचेरी में एनडीए की वापसी को उन्होंने केंद्र और राज्य के समन्वित विकास मॉडल पर जनता के भरोसे का प्रतीक बताया।
तमिलनाडु और केरल में भाजपा के बढ़ते वोट प्रतिशत और जनाधार को उन्होंने दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार और वैचारिक स्वीकृति का महत्वपूर्ण संकेत बताया।



