









बिलासपुर रेंज IG रामगोपाल गर्ग पहुंचे थाना चांपा, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
चांपा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने थाना चांपा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाने में दर्ज अपराधों, लंबित प्रकरणों और विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रकरणों की विवेचना में कमियां सामने आने पर संबंधित विवेचकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
आईजी ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश संबंधित विवेचकों को दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण की विवेचना गंभीरता एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। वही जब्ती की सामानों का सही से रिकॉर्ड दर्ज रखने की बात कही।
अपराधों पर सख्ती, नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आईजी ने क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपराधों की रोकथाम के साथ विवेचना की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
नशे के अवैध कारोबार को लेकर भी आईजी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को नशे से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

एसपी के नेतृत्व में चल रहे कार्यों की सराहना
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के नेतृत्व में जिले में चलाए जा रहे पुलिसिंग संबंधी कार्यों की सराहना की। उन्होंने अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।

थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने सलामी देकर आईजी का सम्मान एवं स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, एसडीओपी लोकेश बंसल सहित थाना चांपा का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।




