
चांपा ओवर ब्रिज में हुआ एक्सीडेंट
बड़ा हादसा टला, राहगीर समेत ड्राइवर और हेल्पर घायल
जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा नगर स्थित रेलवे स्टेशन के समीप बने ओवर ब्रिज पर गुरुवार को सड़क हादसा हो गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना में एक राहगीर सहित ट्रेलर वाहन के ड्राइवर और हेल्पर के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोरबा रोड की ओर से आ रही एक ट्रेलर गाड़ी अनियंत्रित होकर ओवर ब्रिज के शुरुआती हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन किसी बड़ी जनहानि की खबर नहीं है। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक राहगीर भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। वहीं ट्रेलर चालक और उसका हेल्पर भी चोटिल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद लगा जाम
हादसे के बाद ओवर ब्रिज पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारु हो सका।
चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।





