आखिर किसकी सरपरस्ती में चल रहे जिलेभर में अवैध चखना सेंटर? कई जगहों पर खुलेआम बैठकर शराब पीते मिल जाएंगे लोग


आखिर किसकी सरपरस्ती में चल रहे जिलेभर में अवैध चखना सेंटर? कई जगहों पर खुलेआम बैठकर शराब पीते मिल जाएंगे लोग
जांजगीर-चांपा। जिले में आबकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए अवैध चखना सेंटरों का संचालन लगातार जारी है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई शराब दुकानों के आसपास अस्थायी चखना सेंटर संचालित हो रहे हैं, जहां लोग खुलेआम बैठकर शराब का सेवन करते देखे जा सकते हैं। इससे स्थानीय लोगों, महिलाओं और राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शराब दुकानों के आसपास टेबल-कुर्सियां लगाकर चखना उपलब्ध कराया जा रहा है और वहीं शराब पीने की पूरी व्यवस्था भी की गई है। जबकि नियमों के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना और इस प्रकार के अवैध चखना सेंटर संचालित करना प्रतिबंधित है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इन अवैध चखना सेंटरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इनका संचालन किसकी सरपरस्ती में हो रहा है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
लोगों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से जिलेभर में संचालित ऐसे अवैध चखना सेंटरों की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी पर रोक लग सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके।







