
विधायक हरबंश के प्रयास से देवरी-तनौद-भुईगांव-ससहा मार्ग को 31.45 करोड़ की मिली मंजूरी
ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत विकास को नई गति देते हुए विधायक शेषराज हरवंश के प्रयास से देवरी-तनौद-भुईगांव-ससहा मार्ग लंबाई 17.40 किलोमीटर के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 31 करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर द्वारा 30 मार्च को जारी की गई।
विधायक हरबंश ने बताया कि इस सड़क परियोजना से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क के कारण आवागमन बाधित था, विशेषकर बारिश के दिनों में हालात बदतर हो जाते थे। स्कूल, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ था।
विधायक शेषराज हरवंश के सतत प्रयासों से इस महत्वपूर्ण मार्ग को पहले वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल कराया गया, हालांकि उस समय स्वीकृति नहीं मिल पाई। इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और वर्ष 2025-26 के बजट में पुनः प्रस्ताव शामिल कराते हुए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए। विधानसभा के बजट सत्र में भी उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी का ध्यान इस ओर आकर्षित किया, जिसके परिणामस्वरूप अब इस परियोजना को मंजूरी मिल गई है।
विधायक हरबंश ने इस मार्ग के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,वित्त एवं प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि प्रशासकीय स्वीकृति के साथ ही अब परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, टेंडर जारी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।



