ज्ञानभारती स्कूल जांजगीर के बैच 2000 का भव्य मिलन समारोह संपन्न

ज्ञानभारती स्कूल जांजगीर के बैच 2000 का भव्य मिलन समारोह संपन्न

जांजगीर, 05 अप्रैल 2026।
ज्ञानभारती स्कूल, जांजगीर के वर्ष 2000 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का 26 वर्षों पश्चात भव्य मिलन समारोह (रियूनियन कार्यक्रम) आनंदम रिसॉर्ट में अत्यंत हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संचालक श्री आर.सी. पाण्डेय, वर्ष 2000 बैच के शिक्षक श्री जितेन्द्र पाण्डेय एवं श्री संस्कार द्विवेदी द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया।

इस अवसर पर श्री आर.सी. पाण्डेय ने अपने संबोधन में पुराने दिनों को स्मरण करते हुए कहा कि वर्ष 2000 का बैच विद्यालय के सर्वश्रेष्ठ बैचों में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि आज अपने पूर्व विद्यार्थियों को जीवन में सफल एवं प्रतिष्ठित स्थान पर देखकर उन्हें अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। उन्होंने इसे वर्षों पूर्व शिक्षा के रूप में बोए गए बीजों का सुफल बताया, जो आज फलदार वृक्ष के रूप में विकसित हो चुके हैं।

शिक्षक श्री जितेन्द्र पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब विद्यार्थी उत्कृष्ट होते हैं तो शिक्षक को भी अधिक समर्पण, परिश्रम और निष्ठा के साथ कार्य करना पड़ता है। उन्होंने इस मिलन समारोह में शामिल होकर स्वयं को गौरवान्वित एवं भावुक बताया।

इसी क्रम में श्री संस्कार द्विवेदी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित होने पर हर्ष व्यक्त किया।

मिलन समारोह में उपस्थित सभी पुराने सहपाठी वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर भावुक हो उठे और अपने विद्यालयीन दिनों की मधुर स्मृतियों में खो गए। कार्यक्रम के दौरान नीमच से आईं डॉ. श्वेता गर्ग द्वारा संगीतबद्ध खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका सभी प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विजय साहू एवं राजराजेश्वरी द्वारा किया गया। संगीत के माध्यम से सभी प्रतिभागियों ने रैम्पवॉक करते हुए अपना परिचय प्रस्तुत किया, जिससे समारोह का वातावरण और अधिक जीवंत एवं उत्साहपूर्ण बन गया।

इस मिलन समारोह में विभिन्न शहरों से पूर्व विद्यार्थी शामिल हुए, जिनमें रीवा से भारती मिश्रा, पटना से अर्चना राठौर, रायपुर से प्रोफेसर नीलम, ममता, कविता, डॉ. हेमेन्द्र जायसवाल, सत्यदेव बंजारे, ज्योति चौधरी, हरिगोतम, अनिरुद्ध शर्मा, वंदना, अनिल पालिवाल, संगीता बजाज, परमानंद भारद्वाज, संजय साहू एवं डॉ. तरुण राही प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मनीष पाण्डेय, शिशुपाल सिंह (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत बलौदा), संदीप सिंह (एस.आई.), संजय सिंह राठौर, देवराज राठौर, मितु चंदेल, विवेक अग्रवाल, पंकज सिंह एवं दीपक थवाईत सहित सभी मित्रों का विशेष योगदान रहा।

यह मिलन समारोह न केवल पुराने साथियों को एक मंच पर लाने का माध्यम बना, बल्कि विद्यालय से जुड़ी मधुर स्मृतियों को पुनः जीवंत करने का एक यादगार अवसर भी सिद्ध हुआ।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button