



बिजली संकट पर भड़के युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला — बोले, “जनता परेशान, विभाग बेपरवाह!”
जांजगीर-चांपा। बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर अब आक्रोश सड़कों से दफ्तरों तक पहुंच चुका है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला आम जनता को साथ लेकर सीधे बिजली कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों को खरी-खरी सुना दी।
कार्यालय का माहौल उस वक्त गरमा गया जब पंकज शुक्ला ने अधिकारियों से सवाल दागते हुए कहा—आखिर कब तक जनता गलत बिल, घंटों की कटौती और लचर व्यवस्था का खामियाजा भुगतेगी? उन्होंने साफ कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही अब बर्दाश्त के बाहर हो चुकी है।
शिकायतों की झड़ी लगाते हुए लोगों ने भी खुलकर गुस्सा जाहिर किया। किसी का बिल गलत, तो कोई बार-बार कटौती से त्रस्त—हर ओर से सिर्फ परेशानियों की आवाज सुनाई दी। पंकज शुक्ला ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए और आम उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करना बंद किया जाए।
हालांकि, अधिकारियों ने स्थिति सुधारने और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया, लेकिन सवाल वही है—क्या यह भरोसा भी बिजली की तरह “आता-जाता” रहेगा?
फिलहाल, जनता का गुस्सा साफ बता रहा है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मुद्दा बड़ा रूप ले सकता है।




