


चांपा: टेंट हाउस गोदाम में भीषण आग, मचा हड़कंप
चांपा। शहर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित मठ मंदिर के पीछे एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह गोदाम पाठक टेंट हाउस का बताया जा रहा है, जहां रखे टेंट और अन्य सामग्री आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलती जा रही थी। इसके बाद तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकल को मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलते ही प्रकाश इंडस्ट्रीज की दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान चांपा तहसीलदार प्रशांत पटेल भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों का जायजा लिया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
मौके पर वार्ड पार्षद टीकम कंसारी, स्थानीय निवासी एवं प्लांट से आए दमकल कर्मियों का सहयोग सराहनीय रहा।




