चांपा में अधिकारी पर मनमानी के आरोप: जनता से मुलाकात में टालमटोल, विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल

चांपा में अधिकारी पर मनमानी के आरोप: जनता से मुलाकात में टालमटोल, विभागीय कार्यशैली पर उठे सवाल

जांजगीर-चांपा।
जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में आम जनता की सुविधा के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है, ताकि कार्यों का सुचारू संचालन हो सके और लोगों को समय पर जानकारी व समाधान मिल सके। लेकिन जमीनी हकीकत कई जगह इससे अलग नजर आ रही है।

ताजा मामला चांपा नगर स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) का बताया जा रहा है, जहां पदस्थ एक अधिकारी की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि संबंधित अधिकारी अक्सर कार्यालय में व्यस्तता का हवाला देकर आम लोगों से मिलने में टालमटोल करती हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई बार जब नागरिक या प्रतिनिधि जानकारी लेने कार्यालय पहुंचते हैं तो उन्हें अधीनस्थ कर्मचारियों द्वारा यह कहकर लौटा दिया जाता है कि “अधिकारी व्यस्त हैं” या “बाद में संपर्क करें।” इससे लोगों को जरूरी जानकारी और कार्यों के समाधान में देरी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि पूर्व में कार्यालय में आम लोगों से मुलाकात के लिए एक निर्धारित समय भी अंकित किया गया था, लेकिन विरोध के बाद उसे हटा दिया गया। इसके बावजूद लोगों का आरोप है कि व्यवहार में अपेक्षित बदलाव देखने को नहीं मिला है।

जनता का कहना है कि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं इस तरह की कार्यशैली से लोगों का भरोसा प्रभावित होता है। नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मामले में संज्ञान लेकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि आम जनता को समय पर और सहज तरीके से सेवाएं मिल सकें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button