
महंगाई को लेकर कांग्रेस का मोदी सरकार पर हमला, नोबेल वर्मा बोले- विदेश नीति का खामियाजा भुगत रही जनता
जांजगीर-चांपा। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद देश में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त मुख्य वक्ता एवं पूर्व मंत्री नोबेल वर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति के कारण देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रभाव में आकर भारत ने अपने पुराने मित्र देशों रूस और ईरान से सस्ता कच्चा तेल खरीदना कम कर दिया, जिसके चलते अब भारत को महंगा तेल लंबी दूरी से आयात करना पड़ रहा है। इससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ा है और आम जनता पर महंगाई का सीधा असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है।
वहीं विधायक व्यास कश्यप ने किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी खाद नहीं मिल रही है, जबकि निजी दुकानों में बिचौलिए अधिक कीमत पर खाद बेच रहे हैं। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन शुरू होने के बावजूद सेवा सहकारी समितियों में उर्वरकों की कमी बनी हुई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने करही गोलीकांड मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस 20 मई को उग्र आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस सचिव गिरधारी यादव, जिला उपाध्यक्ष रमेश पैगवार, भगवान दास गढ़ेवाल, रफीक सिद्दीकी, सेवादल जिलाध्यक्ष देव कुमार पाण्डेय, संगठन महामंत्री शिशिर द्विवेदी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर, राकेश गबेल, छात्र नेता आकाश तिवारी, जितेंद्र दिनकर, महेंद्र कश्यप, निर्मला बरेठ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




