





अघोषित बिजली कटौती से नगरवासियों का फूटा गुस्सा, विद्युत विभाग पहुंचकर किया जोरदार घेराव
पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, वार्ड 02 की पार्षद गीता सूर्यप्रकाश कंसारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी रहे मौजूद
चांपा। नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली बंद होने से परेशान नगरवासियों ने शुक्रवार को विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर जोरदार घेराव किया और अधिकारियों को आवेदन सौंपते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, वार्ड क्रमांक 02 की पार्षद गीता सूर्यप्रकाश कंसारी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए। सभी ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली बंद रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों का कहना है कि इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और ऐसे समय में लगातार बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। छोटे बच्चे, बुजुर्ग, मरीज एवं महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। रात के समय बिजली बंद होने से लोगों की नींद खराब हो रही है, वहीं पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल बिजली व्यवस्था सुधारने एवं अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की। वहीं पार्षद गीता सूर्यप्रकाश कंसारी ने कहा कि वार्ड क्रमांक 02 सहित नगर के कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली गुल होने से लोग बेहद परेशान हैं। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो नगरवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
विद्युत विभाग को सौंपे गए आवेदन में मांग की गई है कि नगर में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और बार-बार हो रही कटौती की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति देखने को मिली।
नगरवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।




