



बम्हनीडीह में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, स्टार प्रचारकों की मौजूदगी से चुनावी माहौल गरम
मंत्री गुरु खुशवंत सिंह, विधायक अनुज शर्मा समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा, विकास के बड़े वादों के साथ मांगा जनता का समर्थन
जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव अब पूरी तरह से राजनीतिक रंग में रंग चुका है। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए मंगलवार को बम्हनीडीह में विशाल जनसभा और शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना के समर्थन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के कई बड़े नेता शामिल हुए, जिससे नगर का चुनावी माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में नजर आया।
सभा में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत सिंह, धरसीवां विधायक एवं छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता अनुज शर्मा, अनुराग सिंह देव, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा,चंद्रपुर से श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, जैजैपुर के पूर्व विधायक केशव चंद्रा, कृष्णकांत चंद्रा, टिकेश्वर गबेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरि, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, चांपा पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष आकाश सिंह ,पूर्व विधायक चुन्नी लाल साहू,भाजपा नेता इंजी रवि पाण्डेय सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।
भाजपा ने दिखाया संगठन का दम
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने मंच से यह संदेश देने की कोशिश की कि बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। प्रदेश स्तर के नेताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि पार्टी इस चुनाव को पूरी गंभीरता से लड़ रही है। सभा स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे नगरवासियों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के समर्थन में जोरदार नारे लगाए, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी उत्साह देखने को मिला।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि भाजपा ही विकास की गारंटी है और यदि नगर पंचायत में भाजपा की सरकार बनती है तो बम्हनीडीह में विकास कार्यों की नई शुरुआत होगी। नेताओं ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद नगर में सड़क, पानी, तालाब, पुलिया, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने किए कई बड़े ऐलान
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने कहा कि भाजपा केवल वादे नहीं करती बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारने का काम करती है। उन्होंने नगर में तालाब की समस्या के समाधान, पुलिया निर्माण और कई जरूरी विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि यदि जनता भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना को आशीर्वाद देती है तो बम्हनीडीह को विकास के मॉडल नगर पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने 1 जून को भाजपा के पक्ष में मतदान कर भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की।

अनुज शर्मा ने गीतों और अंदाज से बांधा समां
सभा में पहुंचे धरसीवां विधायक एवं छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता अनुज शर्मा आकर्षण का केंद्र बने रहे। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों और फिल्मी अंदाज से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। मंच से उन्होंने कहा कि बम्हनीडीह की जनता का उत्साह बता रहा है कि यहां भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल बन चुका है।
अनुज शर्मा ने घोषणा की कि भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद बम्हनीडीह में जनता के आभार स्वरूप एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उनके संबोधन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
“मोदी की गारंटी” के नाम पर मांगा समर्थन
सभा में मौजूद भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देशभर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है। नेताओं ने कहा कि “हमने बनाया है तो हम ही संवारेंगे” और नगर पंचायत में भाजपा की जीत के साथ विकास के सभी रास्ते खुल जाएंगे।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि यदि नगर पंचायत में भाजपा की सरकार बनती है तो बम्हनीडीह में तेजी से विकास कार्य होंगे और इसका सीधा लाभ नगरवासियों को मिलेगा। वहीं चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता नजर आ रहा है।




