अकलतरा में संदिग्ध ISI संपर्क वाला युवक गिरफ्तार, पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क से जुड़े होने का दावा



अकलतरा में संदिग्ध ISI संपर्क वाला युवक गिरफ्तार, पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क से जुड़े होने का दावा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी पिछले कुछ समय से अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रहा था। उसके विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ में उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के कथित प्रमाण मिलने की बात कही गई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का दावा है कि आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी नंबरों और संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, वाहनों के नंबरों तथा फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, कॉल रिकॉर्डिंग समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा किया है। मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों की विस्तृत पड़ताल की जा सके।

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराने की योजना थी। पुलिस के अनुसार हथियार मिलने के बाद उसे संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्यों पर हमला करने अथवा टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों में शामिल किए जाने की आशंका है। हालांकि इन तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों तथा संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई हैं। जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button