सामाजिक बहिष्कार का आरोप, पीड़ित दंपति ने थाने में लगाई गुहार


सामाजिक बहिष्कार का आरोप, पीड़ित दंपति ने थाने में लगाई गुहार
चांपा। चांपा नगर में सामाजिक बहिष्कार और पारिवारिक जीवन में हस्तक्षेप का एक मामला सामने आया है। पीड़ित दंपति सुनील देवांगन एवं उनकी पत्नी सपना देवांगन ने थाना चांपा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पूर्व में हुए पारिवारिक विवाद के दौरान समाज के कुछ लोगों ने हस्तक्षेप किया था। आरोप है कि समाज के पदाधिकारियों के दबाव में दोनों के बीच तलाक संबंधी लिखापढ़ी करवाई गई। हालांकि बाद में दोनों ने आपसी सहमति और अपने पांच वर्षीय बच्चे के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुनः साथ रहने का निर्णय लिया और एक बार फिर परिवार के रूप में रहने लगे।
दंपति का आरोप है कि उनके दोबारा साथ रहने के फैसले से समाज के कुछ जिम्मेदार लोगों को आपत्ति हुई, जिसके बाद उन्हें सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने और बहिष्कार करने की कोशिश की जाने लगी। इसी से परेशान होकर सुनील देवांगन और सपना देवांगन ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई।
बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों को थाने बुलाया। इस दौरान मेहर समाज के अध्यक्ष दिलचंद देवांगन भी अपने समाज के कई लोगों के साथ थाना पहुंचे। थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच चर्चा और पूछताछ का दौर चला।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
महत्वपूर्ण: इस समाचार में उल्लेखित आरोप शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।







