

छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात: ‘India’s TOP 1%’ में नैला की जोड़ी
अनिल कपूर के साथ शूटिंग ने बनाया यादगार पल, 3 अक्टूबर को स्टार प्लस पर होगा प्रसारण
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के लिए एक बार फिर खुशी और गर्व की बात सामने आई है। जांजगीर-चांपा जिले के नैला के युवा व्यवसायी विवेक अग्रवाल और उनकी पत्नी मनीषा अग्रवाल का चयन स्टार प्लस के नए गेम शो ‘India’s TOP 1%’ के पांचवें एपिसोड के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ जिलेवासियों में भी उत्साह और गर्व का माहौल है।
‘India’s TOP 1%’ की खासियत यह है कि इसमें प्रतियोगियों का सामान्य ज्ञान नहीं, बल्कि उनकी लॉजिक, तार्किक कॉमन सेंस और सोचने की क्षमता परखी जाती है। हर एपिसोड में 100 प्रतियोगी हिस्सा लेते हैं और सवालों का सिलसिला आगे बढ़ने के साथ मुकाबला अंतिम सवाल तक पहुंचता है।
12 सितंबर को हुई शूटिंग में विवेक और मनीषा अग्रवाल ने हिस्सा लिया। शूटिंग के दौरान कार्यक्रम के होस्ट एवं सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनिल कपूर के साथ हुए कुछ विशेष प्रदर्शन भी हुए, जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। अनिल कपूर के साथ मंच साझा करना उनके लिए एक खास और यादगार अनुभव रहा।
KBC के बाद एक और बड़े मंच पर पहुंचे विवेक
विवेक अग्रवाल इससे पहले भी लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के विजेता रह चुके हैं। अब एक बार फिर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के चर्चित गेम शो में अपनी जगह बनाकर नैला और जांजगीर-चांपा जिले का नाम रोशन किया है।
3 अक्टूबर को टीवी स्क्रीन पर नजर आएंगे
‘India’s TOP 1%’ के पांचवें एपिसोड का प्रसारण 3 अक्टूबर को स्टार प्लस पर किया जाएगा। कार्यक्रम की मेजबानी सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनिल कपूर कर रहे हैं। नैला के विवेक और मनीषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मंच पर देखने के लिए जिलेवासियों और छत्तीसगढ़वासियों में खासा उत्साह है।




