देवरीखुर्द में मूलभूत सुविधाओं को लेकर आज़ाद युवा संगठन की बैठक संपन्न

देवरीखुर्द में मूलभूत सुविधाओं को लेकर आज़ाद युवा संगठन की बैठक संपन्न

बिजली, पानी और सड़क जैसी समस्याओं पर जताई नाराजगी

जल्द निगम एवं जिला प्रशासन के घेराव की चेतावनी

बिलासपुर। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र एवं बिलासपुर नगर निगम अंतर्गत वार्ड क्रमांक 42 शहीद चंद्रशेखर आजाद नगर देवरीखुर्द में आज़ाद युवा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

बैठक में संगठन के सदस्यों ने बताया कि देवरिडीह नहर किनारे लगभग 100 से अधिक गरीब परिवार पिछले 40-45 वर्षों से निवासरत हैं, लेकिन आज तक वहां बिजली पोल की व्यवस्था नहीं हो सकी है। मजबूरी में लोग बांस-बल्ली के सहारे दूसरे स्थानों से बिजली कनेक्शन लेने को विवश हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।

इसके अलावा बस्ती में पेयजल सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क नहीं होने से बारिश के दिनों में कीचड़युक्त रास्तों से गुजरना मजबूरी बन जाता है।

बैठक में नल-जल योजना की अधूरी व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। बताया गया कि लगभग 7-8 माह पूर्व निगम प्रशासन द्वारा कुरैशी गली, सोनू पान सेंटर, पूर्व पंचायत भवन, एफसीआई गोदाम एवं गदा चौक क्षेत्र में पाइप लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी, लेकिन आज तक न तो पाइप लाइन से पानी सप्लाई शुरू हो सकी है और न ही खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराई गई है। इसके चलते सड़कें जर्जर होती जा रही हैं और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन प्रमुख इशहाक कुरैशी ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आज़ाद युवा संगठन द्वारा निगम प्रशासन एवं जिला प्रशासन का घेराव किया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से संगठन प्रमुख इशहाक कुरैशी, श्रीमती रखमणि चौहान, सावित्री मानिकपुरी, काजल गोड़, राजू खान, कमलेश चौहान, गोवर्धन गंधर्व, अंजोरा मसीह, सुनीता शर्मा, सीमा सतनामी, मालती, सुनती यादव, देवकी साहू, सेवक सुवाडोर, श्याम बाई, मीना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button