

ओपीएस बहाली की मांग को लेकर सांसद कमलेश जांगड़े को सौंपा ज्ञापन
विद्युत मंडल अधिकारी-कर्मचारी ओपीएस बहाली अधिकार मंच के 12 संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि रहे मौजूद
जांजगीर-चांपा। विद्युत मंडल अधिकारी-कर्मचारी ओपीएस बहाली अधिकार मंच, मड़वा क्षेत्र के तत्वावधान में बुधवार को ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) की बहाली की मांग को लेकर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े को ज्ञापन सौंपा गया।
मंच से जुड़े मड़वा क्षेत्र के सभी 12 संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सांसद से मुलाकात कर ओपीएस बहाली की मांग को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने सांसद से आग्रह किया कि वे इस मांग के संबंध में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, ऊर्जा विभाग के सचिव एवं संबंधित कंपनी के चेयरमैन से पत्राचार करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की ओपीएस बहाली की मांग को प्रमुखता से रखें।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार सांसद कमलेश जांगड़े ने उनकी मांग को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री से प्रस्तावित मुलाकात के दौरान वे ओपीएस बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के साथ-साथ ऊर्जा सचिव एवं कंपनी अध्यक्ष के समक्ष भी इस विषय को रखने का प्रयास करेंगी।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि ओपीएस बहाली की मांग को लेकर सभी 12 संगठन लगातार प्रयासरत हैं और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शासन तक अपनी मांग पहुंचाई जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


