
नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनता का जताया आभार
रायपुर/जांजगीर-चांपा। नगर पंचायत निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी को मिले शानदार जनादेश पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सहसपुर लोहारा, बम्हनीडीह और शिवनंदनपुर नगर पंचायतों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत प्रदेशवासियों के सुशासन, विकास और जनकल्याण के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि चुनाव परिणाम स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि छत्तीसगढ़ की जनता विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति को लगातार समर्थन दे रही है। भाजपा प्रत्याशियों की विजय जनता के विश्वास तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है। जनता का यह विश्वास भाजपा को और अधिक समर्पण, जवाबदेही तथा सेवा भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने सभी विजयी जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनसेवा और विकास के नए मानक स्थापित करेंगे तथा अपने क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने प्रदेश की जनता के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।




