




बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने झोंकी ताकत, चुनाव प्रभारियों ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत मैदान में उतारते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और चुनाव प्रभारी मंगलवार को बम्हनीडीह पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के साथ बैठक कर जीत का मंत्र दिया।
नगर पंचायत चुनाव के लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इनमें जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह एवं पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बैठक के दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का दावा किया।
विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि बम्हनीडीह शुरू से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है और इस बार भी जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पक्ष में माहौल बना हुआ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम चुनाव में देखने को मिलेगा।
वहीं पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा जमीनी स्तर पर काम करने वाली पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल सहारे द्वारा पूर्व में कराए गए विकास कार्यों का लाभ पार्टी को मिल रहा है और जनता विकास के नाम पर कांग्रेस के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।
भाजपा द्वारा कथित रूप से मुर्गा बांटने के वायरल वीडियो पर तंज कसते हुए जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सत्ता और पैसों के दम पर चुनाव लड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह पैसे और शराब के सहारे चुनाव प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने भी दावा किया कि बम्हनीडीह में कांग्रेस का लंबे समय से दबदबा रहा है और इस बार भी अध्यक्ष प्रत्याशी सहित अधिकांश पार्षद प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पार्टी का दावा नहीं बल्कि जनता का जनादेश है, जिसका परिणाम मतदान के बाद साफ दिखाई देगा।
जिस तरह से बम्हनीडीह में चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है, उससे साफ है कि यह चुनाव अब सभी राजनीतिक दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। एक ओर कांग्रेस अपने पुराने जनाधार और विकास कार्यों के भरोसे मैदान में है, तो वहीं भाजपा भी पूरी ताकत के साथ चुनावी रण में उतर चुकी है। अब आने वाला चुनाव परिणाम ही तय करेगा कि बम्हनीडीह नगर पंचायत का पहला अध्यक्ष कौन बनेगा।



