चांपा में फिर डीजल चोरी की वारदात, ट्रक से 115 लीटर डीजल और नगदी पार

चांपा में फिर डीजल चोरी की वारदात, ट्रक से 115 लीटर डीजल और नगदी पार

चांपा। नगर में एक बार फिर डीजल चोरी की घटना सामने आई है, जिससे वाहन चालकों में दहशत का माहौल है। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक खड़ी ट्रक को निशाना बनाते हुए करीब 115 लीटर डीजल और नगदी चोरी कर ली। मामले की शिकायत थाना चांपा में दर्ज कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश निवासी ट्रक चालक नरेश वर्मा अपनी गाड़ी क्रमांक CG 04 NT 5574 में माल लोड कर रायपुर ले जाने के लिए चांपा आया था। चालक ने अपनी गाड़ी पीआईएल प्लांट के पास पेट्रोल पंप के समीप खड़ी की थी। रात करीब 2:30 बजे खाना खाने के बाद चालक और कंडक्टर वाहन के अंदर ही सो गए।

सुबह जब चालक की नींद खुली तो उसने देखा कि डीजल टंकी का ढक्कन खुला हुआ है। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर ट्रक से लगभग 115 लीटर डीजल चोरी कर ले गए हैं। चालक के अनुसार चोरी हुए डीजल की कीमत करीब 11 हजार रुपए बताई जा रही है।

इतना ही नहीं, वाहन के पीछे के शीशे को खोलकर ट्रक के अंदर रखे 10 हजार 740 रुपए नगद भी चोरी कर लिए गए। घटना के बाद चालक ने थाना चांपा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले भी चांपा पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी में उपयोग किए जाने वाले वाहन, ड्रम और मोटर जब्त किए थे। इसके बाद ऐसी घटनाओं में कमी आई थी, लेकिन ताजा घटना ने एक बार फिर डीजल चोर गिरोह की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button