



सिवनी में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह का भव्य आयोजन
बारात, बैंड-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 34 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
Sivni। जिले के चांपा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी स्थित हाई स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साहपूर्ण माहौल में बारात निकालकर किया गया।
बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर दूल्हे सज-धज कर बारात में शामिल हुए, वहीं परिजन और ग्रामीण भी खुशी में झूमते नजर आए। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे आयोजन स्थल विवाह उत्सव के रंग में रंगा दिखाई दिया।
इस सामूहिक विवाह समारोह में 34 नवविवाहित जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराई जा रही हैं। नववधू और वर पक्ष के परिवारों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत नवदंपत्तियों को शासन की ओर से गृहस्थी उपयोगी सामग्री एवं आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी, ताकि नवजीवन की शुरुआत में उन्हें सहयोग मिल सके।
आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं ताकि विवाह समारोह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।




