
जांजगीर-चांपा में सनसनी: कांग्रेस नेता के घर घुसे नकाबपोश बदमाश, ताबड़तोड़ फायरिंग—एक की मौत, दूसरा घायल
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तीन नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता और व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर खूनी वारदात को अंजाम दे दिया। लूट की नीयत से घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात तीनों हमलावर घर में घुसे और पहले परिवार के अन्य सदस्यों को कमरों में बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर निकलकर मदद न बुला सके। इसके बाद उन्होंने सीधे बेटों को निशाना बनाया। आयुष कश्यप पर दो गोलियां दागी गईं, जिससे उसकी जान चली गई, जबकि आशुतोष कश्यप के दाहिने हाथ में गोली लगी।
घायल आशुतोष को तत्काल बिर्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है।
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल बन गया। लोगों में भारी नाराजगी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
वहीं, क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल व परिजनों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि यह वारदात महज लूट की कोशिश थी या फिर पुरानी रंजिश को अंजाम देने के लिए रची गई साजिश। आरोपियों की तलाश जारी है, लेकिन अब बड़ा सवाल यही है—आखिर कब तक इस तरह अपराधी बेखौफ होकर खून की होली खेलते रहेंगे?





