धमतरी में चमका श्रीयांश साहू का दम, राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक



धमतरी में चमका श्रीयांश साहू का दम, राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
जांजगीर चांपा। इंडियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन (IPF) द्वारा धमतरी (छत्तीसगढ़) में आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में श्रीयांश साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
श्रीयांश साहू, पिता श्री संजय कुमार साहू, ने प्रतियोगिता में अपनी ताकत और तकनीक का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्क्वाट में 140 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 75 किलोग्राम तथा डेडलिफ्ट में 155 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया।
पावरलिफ्टिंग एक शक्ति आधारित खेल है, जिसमें खिलाड़ी स्क्वाट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट तीनों स्पर्धाओं में अधिकतम वजन उठाते हैं। इन तीनों स्पर्धाओं में उठाए गए सर्वश्रेष्ठ वजन के कुल योग (SBD Total) के आधार पर विजेता का चयन किया जाता है।
श्रीयांश के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एसबीडी (SBD Total) में स्वर्ण पदक, बेंच प्रेस में रजत पदक तथा डेडलिफ्ट में कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।
श्रीयांश, चांपा के शंकर नगर निवासी अजय साहू के भतीजे हैं। अपने भतीजे की इस शानदार उपलब्धि पर अजय साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीयांश आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन से खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छुएं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
श्रीयांश की इस सफलता पर परिवार, शुभचिंतकों और खेल प्रेमियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







