हल्की हवा चली और लाइट बंद, 4 घंटे से अंधेरे में डूबा चांपा, नगरवासी परेशान


हल्की हवा चली और लाइट बंद, 4 घंटे से अंधेरे में डूबा चांपा, नगरवासी परेशान

चांपा। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के बाद बुधवार शाम चांपा नगर में तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं। अचानक लोगों के मोबाइल फोन पर तेज आंधी और बारिश की संभावना को लेकर चेतावनी संदेश प्राप्त हुआ। अलर्ट के कुछ ही देर बाद नगर में तेज हवा चलने लगी और इसी के साथ बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

बिजली गुल होने के बाद नगर में लगभग आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश तो थम गई, लेकिन बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। खबर लिखे जाने तक करीब चार घंटे से अधिक समय बीत चुका था और पूरा नगर अंधेरे में डूबा रहा। लगातार बिजली बंद रहने से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच लोगों के घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

इधर विद्युत विभाग द्वारा जनहित में एक संदेश जारी कर बताया गया कि खराबी सुधारने का कार्य जारी है तथा बिजली आपूर्ति बहाल होने में लगभग दो से ढाई घंटे का समय लगेगा। हालांकि यह संदेश पिछले दो घंटों से लगातार दोहराया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।

बिजली नहीं आने से नाराज और परेशान नगरवासी जानकारी लेने विद्युत विभाग के कार्यालय तक पहुंच रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से उन्हें केवल आश्वासन दिया जा रहा है कि बिजली जल्द ही बहाल कर दी जाएगी, लेकिन कब तक आपूर्ति शुरू होगी इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।

नगरवासियों ने मांग की है कि विद्युत विभाग बिजली बाधित होने के वास्तविक कारणों और बहाली के संभावित समय की स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करे, ताकि लोगों को अनिश्चितता और परेशानियों का सामना न करना पड़े। लगातार घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नगर में जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

WhatsApp Image 2025 09 22 at 11.59.38 1 Console Corptech
10.jpg Console Corptech

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button