दुल्हन के फैसले की हो रही सराहना, नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी से किया इनकार





दुल्हन के फैसले की हो रही सराहना, नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी से किया इनकार
जांजगीर-चांपा। ग्राम कोसमंदा में मंडप से लौटी बारात का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दूल्हे के शराब के नशे में शादी समारोह में पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद दुल्हन द्वारा विवाह से इनकार किए जाने के फैसले की लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण और पवित्र बंधन में प्रवेश करने से पहले दूल्हे का नशे में होना गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को दर्शाता है। ऐसे में दुल्हन ने अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए साहसिक निर्णय लिया है। सोशल मीडिया और क्षेत्र में चल रही चर्चाओं में भी कई लोग दुल्हन के आत्मसम्मान और दृढ़ता की प्रशंसा कर रहे हैं।
लोगों का मानना है कि यह फैसला समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि विवाह केवल एक रस्म नहीं, बल्कि जीवनभर का संबंध होता है और इसमें दोनों पक्षों की सहमति, सम्मान और जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि मामले को आपसी बातचीत से भी सुलझाया जा सकता था, लेकिन अधिकांश लोगों ने दुल्हन के निर्णय को उसका अधिकार बताते हुए समर्थन किया है। घटना के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और दुल्हन के साहसिक कदम की व्यापक सराहना की जा रही है।
इस घटना की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर ग्राम के सरपंच संजय रत्नाकर एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच कर मामले को गंभीरता से जानने के बाद लड़की के परिजनों के फैसले के साथ खड़े नजर आए।







