





बेजा कब्जा करने वाले हो जाएं सावधान, चांपा तहसीलदार की दो टूक
चांपा। चांपा नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर बेजा कब्जा कर मकान निर्माण और व्यवसाय संचालन के मामलों पर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। चांपा तहसीलदार प्रशांत पटेल ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इसी कड़ी में तहसील कार्यालय से कुछ दूरी पर स्थित ग्राम कुरदा में प्रशासन ने अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
तहसीलदार प्रशांत पटेल ने बताया कि जिन लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा किया गया है, उन्हें नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि निर्धारित समय सीमा में नोटिस का पालन नहीं किया जाता है तो प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर क्षेत्र में व्याप्त अवैध निर्माणों की पहचान की जा रही है और आवश्यकतानुसार उन पर भी बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को तत्काल प्रभाव से हटाएं, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।







