
डंडे से सिर पर किया वार, गंभीर रूप से घायल युवक बिलासपुर रेफर; घटना के चंद घंटों में पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
जांजगीर। पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करते हुए घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। मामले में जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लच्छनपुर केराझरिया निवासी नोहर नाथ गोस्वामी ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 नवंबर की रात वह अपने नाती-पोतों को मोटरसाइकिल से लेकर चांपा की ओर जा रहा था। इसी दौरान चांपा एनीकट के पास उसकी मुलाकात गांव के विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत से हुई। पुरानी रंजिश को लेकर विक्की ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट करने के लिए दौड़ाया। अपनी जान बचाकर प्रार्थी नाती-पोतों को वहीं छोड़कर घर की ओर भागा।
आरोप है कि विक्की हाथ में डंडा लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पीछे पहुंचा और दरवाजा धक्का देकर घर के भीतर घुस गया। इस दौरान उसने घर में भी गाली-गलौज की और बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की पत्नी के साथ मारपीट की। शोर सुनकर प्रार्थी के बेटे वीरेंद्र गोस्वामी और लुकेश्वर गोस्वामी बाहर आए तो आरोपी वहां से एनीकट की ओर भाग गया।
कुछ देर बाद विक्की का भाई कन्हाई सिंह राजपूत भी वहां पहुंच गया। दोनों भाइयों ने मिलकर वीरेंद्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विक्की ने लकड़ी के डंडे से वीरेंद्र और लुकेश्वर के सिर पर वार किया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे नोहर नाथ गोस्वामी के बाएं पैर के घुटने के पास डंडे से हमला किया। वहीं कन्हाई ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में वीरेंद्र को गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। उसे जांजगीर अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे को घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल आरोपियों की तलाश में रवाना हुई। पुलिस ने ग्राम लच्छनपुर के अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की ठाकुर उर्फ सोमेश सिंह राजपूत (27 वर्ष) एवं उसका भाई कन्हाई सिंह राजपूत (40 वर्ष), दोनों निवासी लच्छनपुर केराझरिया शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने विक्की के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




