
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर व्यवहार न्यायालय चांपा में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
चांपा। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय चांपा में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति चांपा की अध्यक्ष श्रीमती नम्रता नोरगे के निर्देशन में 7 अप्रैल 2026 को न्यायालय परिसर में शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान न्यायालय के कर्मचारी, अधिवक्ताओं एवं उपस्थित पक्षकारों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर श्रीमती नम्रता नोरगे ने उपस्थित नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
इस शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रारंभिक जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो सके।




