



कोसमंदा में 10वीं व 12वीं के टॉपर्स ने बढ़ाया गौरव, गांव में जश्न का माहौल
जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष जांजगीर चांपा जिले के कोसमंदा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। टॉप करने वाले छात्रों ने न सिर्फ अपने विद्यालय बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है।
12वीं कक्षा के टॉपर्स
12वीं में ममता पटेल ने 92.4% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं काजल (84%) और सोनम (78.4%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
10वीं कक्षा के टॉपर्स
10वीं में खुशबू कौशिक ने 79.50% अंक के साथ टॉप किया। वहीं संध्या कश्यप (77.67%) और खुशी (77.50%) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में स्थान बनाया।
विद्यार्थियों की इस सफलता से उनके परिवार, शिक्षक एवं पूरे विद्यालय में हर्ष का माहौल है। टॉपर्स ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सहयोग को दिया। उनका कहना है कि समय का सही उपयोग और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
विद्यालय के प्राचार्य जी.एल. चौहान ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां ग्राम के सरपंच संजय रत्नाकर द्वारा टॉपर्स को सम्मानित किया गया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कोसमंदा के इन होनहार विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




