





तेंदुआ धाम में भक्ति और आस्था का संगम, ‘शबरी की निष्ठा’ कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहब हुए शामिल
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत तेंदुआ धाम स्थित राम मिलेंगे आश्रम इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है, जहां देशभर में ख्यातिप्राप्त संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी के सानिध्य में ‘शबरी की निष्ठा’ नामक भव्य आयोजन चल रहा है। इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं जनप्रतिनिधियों की भी लगातार सहभागिता देखी जा रही है।
मंत्री जी के तेंदुआधाम पहुंचने पर आयोजक समिति के अशोक हरवंश चतुर्वेदी ने राम नाम का पटका एवं फूल माला भेंटकर सम्मानित किया वही भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े एवं अन्य कार्यकर्ता द्वारा स्वागत किया गया।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहब भी तेंदुआ धाम पहुंचे और कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने सबसे पहले जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने संत श्री के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने कार्यक्रम में कुछ समय व्यतीत करते हुए कथा श्रवण किया, जिसमें शबरी की भक्ति, त्याग और प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। इसके बाद मंत्री ने विधिवत आरती में भाग लेकर भगवान की पूजा-अर्चना की और आयोजन की सराहना की।
मंत्री ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को अपने संस्कारों एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति और संत समाज की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सद्भाव, समरसता और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह जीत देश को मजबूती देने वाली ऐतिहासिक जीत है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके विकास कार्यों पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ‘विजन 2047’ के तहत देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में यह जीत एक बड़ा कदम है।
मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं और यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में मिली सफलता इसी विश्वास का परिणाम है और आने वाले समय में अन्य राज्यों के चुनावों में भी भाजपा को इसी तरह की जीत मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हर कोई प्रभु भक्ति में सराबोर नजर आया।




