लिफ्ट देने के बाद हत्या से दहशत, अब जांजगीर में कनपट्टी पर बंदूक रखकर युवकों को धमकाने का मामला, दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

लिफ्ट देने के बाद हत्या से दहशत, अब जांजगीर में कनपट्टी पर बंदूक रखकर युवकों को धमकाने का मामला, दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
जांजगीर-चांपा। जिले में हाल ही में लिफ्ट देने के बाद हुई हत्या की घटना से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि सोमवार देर रात जांजगीर शहर में एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया। दो स्कॉर्पियो सवार युवकों ने सड़क से गुजर रहे स्कॉटी सवार लोगों को रोककर उनकी कनपट्टी पर बंदूक रखकर डराने-धमकाने की कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमों को रवाना कर शहर में घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उनके पास मिली बंदूक असली है या नकली, घटना के पीछे उनका उद्देश्य क्या था और कहीं उनका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।







